अयोध्या में एचआईवी/एड्स से बचाव को लेकर सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति, लखनऊ द्वारा प्रायोजित लक्षित हस्तक्षेप परियोजना के तहत प्रताप सेवा समिति की ओर से तरजीपुरम कॉलोनी में यह कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों को एचआईवी/एड्स से जुड़ी जरूरी जानकारी दी गई और इससे बचाव के उपाय बताए गए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सीएमओ डॉ. नानकसरन निषाद और खाकी वाले गुरुजी रणजीत यादव शामिल हुए। उन्होंने लोगों से एचआईवी/एड्स को लेकर जागरूक रहने और किसी भी तरह की गलत जानकारी या भ्रांति पर भरोसा न करने की अपील की। वक्ताओं ने बीमारी से जुड़े जरूरी तथ्यों को सरल भाषा में समझाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम का खास आकर्षण नुक्कड़ नाटक रहा। कलाकारों ने नाटक के जरिए एचआईवी संक्रमण के कारण, बचाव के उपाय और जागरूकता की जरूरत को लोगों तक आसान और प्रभावी तरीके से पहुंचाया। प्रस्तुति के माध्यम से बीमारी को लेकर समाज में मौजूद भ्रांतियों और गलत धारणाओं को दूर करने का संदेश भी दिया गया।
आयोजकों के मुताबिक एचआईवी/एड्स की रोकथाम के लिए सही जानकारी का प्रसार बेहद जरूरी है। लोगों को संक्रमण के वास्तविक कारणों और बचाव के तरीकों की जानकारी होने से अनावश्यक डर और भेदभाव को कम किया जा सकता है। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के अधिक से अधिक लोगों तक सही जानकारी पहुंचाकर उन्हें जागरूक करना रहा।





















