अयोध्या के थाना रामजन्मभूमि क्षेत्र की हरिदास नगर कॉलोनी में मकान को लेकर चल रहा विवाद अब प्रेस कॉन्फ्रेंस तक पहुंच गया है। गुरुवार को मनी कुमारी और उनके पति हेमंत कुमार ठाकुर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एक व्यक्ति पर मकान हड़पने, उनकी मां को बहला-फुसलाकर ले जाने, धमकी देने और संपत्ति पर कब्जे का प्रयास करने के आरोप लगाए। दंपती ने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
दंपती के मुताबिक, मकान से जुड़ा सिविल वाद संख्या 909/26 न्यायालय में विचाराधीन है और अगली सुनवाई 12 अक्टूबर को प्रस्तावित है। उनका आरोप है कि मामला अदालत में लंबित होने के बावजूद संपत्ति पर कथित रूप से कब्जे का प्रयास किया जा रहा है। मनी कुमारी ने आरोप लगाया कि उनकी सास रूप सखी को दो सितंबर को गोंडा निवासी पंकज पाठक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। इसके बाद मकान को अपने नाम कराने का कथित प्रयास किया गया और 18 सितंबर को सास से मकान का हिबानामा अपने नाम कराने का आरोप लगाया गया।
हेमंत कुमार ठाकुर के अनुसार, 29 सितंबर को पुलिस उन्हें घर से थाने ले गई और बीएनएसएस की धाराओं में चालान किया गया। उनका आरोप है कि इसी दौरान दूसरा पक्ष पुलिस के साथ उनके घर पहुंचा। मनी कुमारी ने बताया कि उस समय वह अपने दो छोटे बच्चों के साथ घर में थीं और दरवाजा नहीं खोलने पर बाहर से ताला लगा दिया गया, जिससे वह बच्चों समेत घर के अंदर बंद हो गईं। दंपती ने दावा किया कि पूरे घटनाक्रम से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध है।
दंपती ने पुलिस पर उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लेने और दूसरे पक्ष को कथित संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने उच्चाधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है। हालांकि, प्रेस कॉन्फ्रेंस में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और दूसरे पक्ष का आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।





















