अयोध्या नगर निगम ने बकाया गृह एवं जलकर की वसूली के लिए बुधवार को कर बकायेदारों के खिलाफ अभियान चलाया। कर निर्धारण अधिकारी विनय प्रताप सिंह, जोनल अधिकारी सुभाष चंद्र त्रिपाठी और कर निरीक्षक वीरेंद्र पटेल के नेतृत्व में टीम ने जयप्रकाश नारायण वार्ड में बकायेदारों के भवनों पर कार्रवाई की।
अपर नगर आयुक्त सुमित कुमार के अनुसार, अभियान के दौरान भवन संख्या 9/5/132 पर 1,79,820 रुपये का कर बकाया मिला। बकाया राशि जमा न होने पर भवन के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य लंबे समय से लंबित कर की वसूली सुनिश्चित करना है।
अभियान के दौरान दो भवनों से कुल 3.20 लाख रुपये की बकाया कर राशि वसूल की गई। वहीं, एक अन्य भवन को बकाया राशि जमा नहीं करने पर सील किया गया। इसके अलावा दो भवनों के मामलों में मकान मालिक और किराएदार के बीच विवाद सामने आया, जिसके चलते संबंधित बकायेदारों को बकाया कर जमा करने के लिए गुरुवार तक का समय दिया गया है।
नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि निर्धारित समय में बकाया राशि जमा नहीं करने पर संबंधित भवनों के खिलाफ नियमानुसार कुर्की और सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने करदाताओं से अपील की कि वे समय से गृह एवं जलकर जमा करें, ताकि ऐसी कार्रवाई से बचा जा सके।





















