वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ का समापन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी पहुंच गए हैं। वह जगतपुर इंटर कॉलेज में आयोजित जनसभा को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ संबोधित करेंगे।
कार्यक्रम में असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे। जनसभा के दौरान भाजपा नेता सेवा, राष्ट्र निर्माण और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की यात्रा से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखेंगे।
इस कार्यक्रम के साथ गुजरात के वडनगर से प्रधानमंत्री मोदी की कर्मस्थली काशी तक निकाली गई ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ का भी समापन होगा। यात्रा में करीब 250 बाइकों पर सवार 500 युवा विभिन्न राज्यों से होते हुए वाराणसी पहुंचे हैं। यात्रा के काशी पहुंचने के बाद जगतपुर में आयोजित जनसभा के साथ इसका समापन किया जाएगा।
भाजपा की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर जगतपुर इंटर कॉलेज परिसर में तैयारियां पूरी की गई हैं। जनसभा में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों के पहुंचने की उम्मीद है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन की ओर से आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।





















