अयोध्या में शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सहादतगंज स्थित पार्टी कार्यालय में पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें शिक्षक मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने और मतदान केंद्रों पर समन्वय बनाने की रणनीति पर चर्चा हुई। पार्टी ने प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता को 20 शिक्षकों से संपर्क करने की जिम्मेदारी सौंपी है। महिला शिक्षकों तक पहुंच बनाने के लिए महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं को भी लगाया गया है, जबकि मतदान केंद्रों पर समन्वय के लिए जनप्रतिनिधियों को पोलिंग स्टेशन प्रभारी बनाया गया है।
पार्टी की ओर से उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, अयोध्या जिले में कुल 3,075 शिक्षक मतदाता हैं। इनमें 1,022 मतदाता महानगर क्षेत्र और 2,053 ग्रामीण क्षेत्र से हैं। इन मतदाताओं के लिए जिले में 15 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। बैठक में बताया गया कि सोमवार को गोरखपुर में शिक्षक सम्मेलन आयोजित होगा, जिसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी संबोधित करेंगे। इसके बाद प्रधानाचार्यों और शिक्षकों के सम्मेलन आयोजित कर उनसे संवाद बढ़ाने की योजना है।
बैठक में प्रदेश मंत्री शिवभूषण सिंह ने कहा कि शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर पार्टी संगठन स्तर पर तैयारी कर रही है और कार्यकर्ताओं को शिक्षकों से संपर्क करने की जिम्मेदारी दी गई है। क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं अवध क्षेत्र के चुनाव प्रभारी अवधेश पाण्डेय बादल ने कहा कि चुनाव की तैयारियों में संगठन के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। वहीं, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने बताया कि महानगर क्षेत्र के 1,022 शिक्षक मतदाताओं तक पहुंचने के लिए संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। पोलिंग स्टेशन स्तर पर भी जिम्मेदारियां तय की गई हैं।
बैठक में विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, जिला पंचायत प्रशासक रोली सिंह, जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी, उदया ग्रुप के चेयरमैन चन्द्र प्रकाश तिवारी, शंकर दयाल पाण्डेय, राघवेन्द्र पाण्डेय, डॉ. राकेश मणि त्रिपाठी, क्षेत्रीय मंत्री काशीराम और सहकारी बैंक के सभापति धर्मेन्द्र प्रताप सिंह टिल्लू सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में शिक्षक मतदाताओं से संवाद, संपर्क अभियान और मतदान केंद्रों पर समन्वय को लेकर संगठन की तैयारियों पर जोर दिया गया।





















