चंपत राय और डॉ. अनिल मिश्र के इस्तीफों पर होगा फैसला
6 जुलाई को मणिराम दास छावनी में होगी अहम बैठक, चढ़ावा चोरी प्रकरण के बीच ट्रस्ट के कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर होगा मंथन।
लखनऊ: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले के बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बहुप्रतीक्षित बैठक का एजेंडा जारी कर दिया गया है। यह बैठक 6 जुलाई को अयोध्या स्थित मणिराम दास छावनी में दोपहर तीन बजे आयोजित होगी। ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि की ओर से जारी पांच सूत्रीय एजेंडा में सबसे प्रमुख विषय महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्र के त्यागपत्रों पर विचार करना है।
पहले यह बैठक 11 जुलाई को प्रस्तावित थी, लेकिन चढ़ावा चोरी प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए इसकी तिथि बदलकर 6 जुलाई कर दी गई।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्र और गोपाल राव को शामिल नहीं किए जाने की संभावना है। बताया जा रहा है कि जिन लोगों के नाम इस मामले में चर्चा में हैं, उन्हें फिलहाल बैठक की कार्यवाही से दूर रखा जा सकता है। हालांकि, इस संबंध में ट्रस्ट की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
गौरतलब है कि राम मंदिर परिसर से चढ़ावा और बहुमूल्य वस्तुओं की कथित चोरी के मामले में विशेष जांच दल (SIT) की प्रारंभिक जांच के बाद आठ आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। इसके बाद ट्रस्ट की इस बैठक पर सभी की नजरें टिकी हैं।
बैठक में ट्रस्ट के प्रशासनिक और संगठनात्मक विषयों के साथ-साथ चढ़ावा चोरी प्रकरण से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है। विशेष रूप से महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्र के त्यागपत्रों को लेकर ट्रस्ट क्या निर्णय लेता है, इस पर सभी की निगाहें रहेंगी।








