बहराइच: जिले के मोतीपुर थाने में तैनात एक दारोगा साइबर ठगी का शिकार हो गए। आरोप है कि साइबर ठगों ने मोबाइल नंबर हैक करने के बाद उनके बैंक खाते से करीब 6 लाख 92 हजार रुपये निकाल लिए। खाते से रकम कई अलग-अलग लेनदेन के जरिए ट्रांसफर की गई। जानकारी के मुताबिक, मोतीपुर थाने में तैनात दारोगा संजीत कुमार सिंह का बैंक खाता बैंक ऑफ बड़ौदा में है। बताया जा रहा है कि उनका खाता महाराजगंज में संचालित है। इसी खाते से साइबर ठगों ने कथित तौर पर 11 बार में लेनदेन कर रकम निकाल ली।
दारोगा को जब खाते से लगातार रकम निकलने की जानकारी हुई तो उन्होंने मामले की जानकारी जुटाई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मोबाइल नंबर हैक किए जाने के बाद इस वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद दारोगा ने संबंधित थाना प्रभारी को लिखित तहरीर देकर मामले की शिकायत की है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि खाते से रकम किस माध्यम से और किन खातों में ट्रांसफर की गई।
फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही साइबर ठगी के पूरे तरीके और आरोपियों के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
रिपोर्ट: रोहित श्रीवास्तव





















