बहराइच में ‘देवीपाटन: शिक्षा की उड़ान’ अभियान के तहत विद्यार्थियों को घर पर बेहतर पढ़ाई का माहौल देने की पहल जारी है। इस अभियान के अंतर्गत मंडल के चार जिलों में अब तक 1,06,805 स्टडी टेबल वितरित की जा चुकी हैं। स्टडी टेबल मिलने से उत्साहित 77 विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को हस्तलिखित पत्र भेजकर उनके प्रति आभार जताया।
विद्यार्थियों के इन पत्रों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रसन्नता जताते हुए उनकी सराहना की। उन्होंने बच्चों को शुभकामनाएं और आशीर्वाद भेजा। मुख्यमंत्री के संदेश से विद्यार्थियों को पढ़ाई के प्रति प्रोत्साहित करने और उनका उत्साह बढ़ाने का प्रयास किया गया है।
इसी क्रम में बहराइच के जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट में छात्र-छात्राओं को मुख्यमंत्री की ओर से भेजे गए आशीर्वाद पत्र सौंपे। इस दौरान विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व और नियमित अध्ययन के प्रति प्रेरित करने की पहल को आगे बढ़ाया गया।
‘देवीपाटन: शिक्षा की उड़ान’ अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को घर पर पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना और उन्हें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना है। स्टडी टेबल वितरण के साथ विद्यार्थियों की भावनाओं को महत्व देना भी इस पहल का हिस्सा है, ताकि बच्चे पूरे उत्साह के साथ अपनी पढ़ाई जारी रख सकें।





















