बहराइच: कतर्नियाघाट रेंज क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब पांच हाथियों का झुंड घाघरा नदी में बहते हुए बैराज तक पहुंच गया। नदी में हाथियों को बहता देखकर स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी। बताया जा रहा है कि नेपाली क्षेत्रों से पानी छोड़े जाने के बाद घाघरा नदी का जलस्तर बढ़ गया। इसी दौरान पांच हाथियों का झुंड गहरे पानी में बहते हुए घाघरा बैराज तक पहुंच गया। हाथियों को नदी में बहता देख स्थानीय लोगों ने वन विभाग को इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम
मामले की सूचना मिलने के बाद कतर्नियाघाट रेंजर आशीष गौड़ मौके पर पहुंचे। वन विभाग की टीम ने स्थिति का जायजा लिया और हाथियों को सुरक्षित तरीके से नदी क्षेत्र से दूर करने का प्रयास शुरू किया। वन विभाग की टीम ने हांका लगाकर हाथियों के झुंड को जंगल की ओर खदेड़ दिया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। वन विभाग की निगरानी में हाथियों को जंगल की ओर भेजा गया।
संपत्ति नुकसान की सूचना नहीं
हाथियों के झुंड के बैराज तक पहुंचने से इलाके में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल रहा। हालांकि, अभी तक हाथियों की वजह से किसी तरह के जान-माल या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं है। वन विभाग की टीम पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है, ताकि हाथियों का झुंड दोबारा आबादी वाले क्षेत्र की ओर न आए। मामला बहराइच के कतर्नियाघाट रेंज क्षेत्र का है।
रिपोर्ट: रोहित श्रीवास्तव




















