बाराबंकी: अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बाराबंकी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। स्वाट, सर्विलांस और थाना सफदरगंज की संयुक्त टीम ने एक शातिर ऑटो लिफ्टर को गिरफ्तार कर वाहन चोरी की सात घटनाओं का खुलासा किया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चार ई-रिक्शा, पांच मोटरसाइकिल, 21 ई-रिक्शा बैटरियां और .315 बोर का अवैध तमंचा व कारतूस बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान इस्लामुद्दीन उर्फ बाबू निवासी शाह कटरा, थाना जैदपुर के रूप में हुई है। आरोपी गांवों और कस्बों में रेकी कर भीड़भाड़ वाले स्थानों से वाहन चोरी करता था। पुलिस के अनुसार वह ई-रिक्शा बुक कर चालक को किसी बंद मकान के बाहर ले जाता था और चाबी लाने का बहाना बनाकर ई-रिक्शा लेकर फरार हो जाता था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने सफदरगंज, देवा, जैदपुर, कोतवाली नगर और मसौली थाना क्षेत्रों में हुई वाहन चोरी की घटनाओं के संबंध में जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं।
कोतवाली नगर पुलिस ने सात वांछितों को पकड़ा
इसी अभियान के तहत थाना कोतवाली नगर पुलिस ने मुकदमा संख्या 610/2026 से संबंधित सात वांछित अभियुक्तों को ओबरी जंगल से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनोद यादव, अभिषेक यादव, सूरज कुमार यादव, शैलेन्द्र यादव, विपिन यादव, आनंद कुमार और अनूप यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई दो महिंद्रा स्कॉर्पियो और एक महिंद्रा थार बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में कुछ का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है।
बड्डूपुर पुलिस ने 50 किलो गेहूं किया बरामद
अभियान के दौरान थाना बड्डूपुर पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से एक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 50 किलोग्राम गेहूं बरामद किया गया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
25-26 अगस्त की कार्रवाई में कई गिरफ्तारियां
बाराबंकी पुलिस के अनुसार 25 और 26 अगस्त को जिलेभर में चलाए गए अभियान के दौरान कुल 10 वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा चार आरोपियों के खिलाफ शांतिभंग की धाराओं में कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। वाहन चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तेज की जा रही है।






















