कजरीतीज पर्व के अवसर पर 14 सितंबर को श्री सिद्धनाथ बाबा कांवड़िया संघ की ओर से भगवान महाकाल की पालकी के साथ भव्य कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा की तैयारियां संघ की ओर से पूरी कर ली गई हैं। संघ के संरक्षक देवेंद्र गुप्ता ने बताया कि करीब दो दशकों से कजरीतीज पर्व के अवसर पर श्री सिद्धनाथ बाबा कांवड़िया संघ की ओर से भगवान महाकाल की पालकी के साथ कांवड़ यात्रा निकाली जाती है। इसी क्रम में सोमवार सुबह करीब आठ बजे मरी माता मंदिर, गोलवाघाट से भोले बाबा के भक्तों और कांवड़ियों की मौजूदगी में यात्रा शुरू होगी।
कांवड़ यात्रा मरी माता मंदिर से निकलकर किसान डिग्री कॉलेज, डीएम तिराहा, नगर पालिका परिषद कार्यालय और पीपल तिराहा होते हुए घंटाघर स्थित श्री सिद्धनाथ मंदिर पहुंचेगी, जहां यात्रा का समापन होगा। इस दौरान सरयू तट से जल भरकर आने वाले कांवड़ियों द्वारा श्री सिद्धनाथ मंदिर में विराजमान पांडवकालीन भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा। संघ के संरक्षक देवेंद्र गुप्ता ने सभी कांवड़ियों और शिव भक्तों से यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। यात्रा के दौरान मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।





















