बहराइच के मोतीपुर-मिहींपुरवा क्षेत्र में जंगली हाथी के हमले की घटना सामने आई है। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के बिछिया बीट अंतर्गत जमुनिया गांव के पास रविवार रात करीब 9:30 बजे हाथी ने बाइक सवार सफाईकर्मी शमशाद पर हमला कर दिया। इस दौरान हाथी ने उनकी बाइक को क्षतिग्रस्त कर दिया। शमशाद ने खेतों की ओर भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई।
घटना में शमशाद को मामूली चोटें आई हैं और उनकी हालत सामान्य बताई गई है। हाथी के अचानक हमले से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। रात के समय हुई इस घटना ने आसपास के ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है।
हाथियों की दहशत से ग्रामीण परेशान
घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि हाथियों की गतिविधियों को लेकर सतर्कता बढ़ाने की जरूरत है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की निगरानी मजबूत करने और उनकी गतिविधियों की समय पर जानकारी देने की मांग की है, ताकि लोग सतर्क रह सकें।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से मानव-वन्यजीव संघर्ष की चुनौती बढ़ रही है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की अपील की है, जिससे लोगों की जान-माल को नुकसान से बचाया जा सके।





















