लखनऊ: राजधानी लखनऊ में पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक नई पहल तेजी से आकार ले रही है। गोमती नदी में जल्द ही पर्यटक लग्जरी क्रूज की सैर का आनंद उठा सकेंगे। हनुमान सेतु के पास गोमती नदी में क्रूज का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इसके शुरू होने के बाद पर्यटकों को गोमती नदी और रिवरफ्रंट का नजारा एक अलग अंदाज में देखने का मौका मिलेगा। करीब 45 मीटर लंबे इस लग्जरी क्रूज में एक साथ 200 से 250 यात्री सैर कर सकेंगे। जानकारी के मुताबिक, गोमती नदी में क्रूज का एक चक्कर करीब 30 से 45 मिनट में पूरा होगा। इससे लोगों को नदी के बीच से लखनऊ की खूबसूरती और रिवरफ्रंट का आनंद लेने का नया अनुभव मिलेगा।
पश्चिम बंगाल के कारीगर कर रहे निर्माण
क्रूज के निर्माण में पश्चिम बंगाल से आए करीब 20 कारीगर जुटे हुए हैं। निर्माण कार्य को पूरा होने में लगभग दो महीने का समय लग सकता है। काम पूरा होने के बाद क्रूज को गोमती नदी में उतारकर सेवा शुरू करने की तैयारी की जाएगी।
रिवर टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा
लखनऊ में क्रूज सेवा शुरू होने से राजधानी के पर्यटन क्षेत्र को नई पहचान मिलने की उम्मीद है। गोमती रिवरफ्रंट पहले से ही लोगों के आकर्षण का केंद्र है। ऐसे में क्रूज सेवा शुरू होने के बाद यहां आने वाले पर्यटकों के लिए एक नया आकर्षण जुड़ जाएगा। क्रूज के जरिए पर्यटक गोमती नदी में सफर करते हुए शहर के खूबसूरत हिस्सों और रिवरफ्रंट का नजारा देख सकेंगे। इससे रिवर टूरिज्म को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होने की उम्मीद है।
पर्यटकों के लिए नया अनुभव
राजधानी में शुरू होने वाली यह क्रूज सेवा सिर्फ मनोरंजन का माध्यम ही नहीं होगी, बल्कि लखनऊ के पर्यटन को नई दिशा देने वाली पहल के तौर पर भी देखी जा रही है। क्रूज के संचालन के बाद शहर में आने वाले पर्यटकों को लखनऊ घूमने के लिए एक और नया विकल्प मिलेगा। निर्माण पूरा होने के बाद इसके संचालन और किराए समेत अन्य व्यवस्थाओं की तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी।





















