कोतवाली नानपारा क्षेत्र के बैसवारा गांव में चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात चोर दीवार तोड़कर घर के अंदर दाखिल हुए और कमरे में रखा नकदी, सोने-चांदी के आभूषण समेत गृहस्थी का सामान लेकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि चोरों ने घर में प्रवेश करने के लिए दीवार में सेंध लगाई। इसके बाद घर में रखे सामान को खंगाला और कीमती वस्तुओं पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के बाद चोर मौके से फरार हो गए।
सुबह घटना की जानकारी होने पर घर में हड़कंप मच गया। पीड़िता पूनम देवी ने मामले की जानकारी पुलिस को देते हुए तहरीर दी और चोरी का खुलासा कर कार्रवाई की मांग की। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाके में संदिग्धों और घटना से जुड़े सुरागों की तलाश कर रही है। चोरी में कितनी नकदी और कितने मूल्य के आभूषण गए हैं, इसका पूरा आकलन भी किया जा रहा है।
रिपोर्ट: रोहित श्रीवास्तव





















