रुपईडीहा थाना पुलिस ने गश्त के दौरान एक संदिग्ध युवक को अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोटरसाइकिल और 140 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। बरामद बाइक को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है। पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अभियान की निगरानी अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी और क्षेत्राधिकारी नानपारा चित्रांशु गौतम कर रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को रुपईडीहा थाना पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ग्राम गड़रहवा पहुंची। बलराम भट्ठा से करीब 500 मीटर पहले बगीचे के पास एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया, जिसे पुलिस टीम ने दोपहर करीब 1:32 बजे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान शेर खां पुत्र नसीर, निवासी गुप्तावरपुरवा, मजरा शंकरपुर, थाना रुपईडीहा के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास से 315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इसके अलावा पुलिस ने आरोपी के कब्जे से होंडा शाइन 100 DX मोटरसाइकिल संख्या UP40BQ1643 और 140 रुपये नकद बरामद किए। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ रुपईडीहा थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए रवाना कर दिया। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक धनजी सिंह, कांस्टेबल विवेक सिंह, मो. तनवीर खां और अनुप कुमार शामिल रहे।





















