बहराइच। आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने और इसका अधिक से अधिक लाभ आमजन एवं वादकारियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से सिविल कोर्ट, बहराइच के सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बहराइच के अध्यक्ष/जनपद न्यायाधीश के निर्देश पर विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो) एवं राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी अरविंद गौतम की अध्यक्षता में हुई।
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अधिक से अधिक ऐसे वादों को चिन्हित किया जाए, जिनका निस्तारण राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से संभव है। अधिकारियों से कहा गया कि आगामी लोक अदालत में पिछली लोक अदालत की तुलना में अधिक मामलों का निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं इस दौरान अधिकारियों से वादों के निस्तारण में आने वाली समस्याओं और बाधाओं की जानकारी भी ली गई। साथ ही राष्ट्रीय लोक अदालत को अधिक प्रभावी एवं सफल बनाने के लिए अधिकारियों से सुझाव प्राप्त किए गए।
बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव राजेश कुमार यादव, उपजिलाधिकारी सदर बहराइच, पुलिस क्षेत्राधिकारी (क्राइम) बहराइच, समस्त तहसीलदार, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग बहराइच, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, प्रभारी निरीक्षक यातायात, लीड बैंक प्रबंधक, भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा के प्रबंधक, पंजाब नेशनल बैंक की मुख्य शाखा के प्रबंधक समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।





















