बहराइच: थाना दरगाह के लॉकअप से एनडीपीएस एक्ट के मामले में गिरफ्तार एक आरोपी के फरार होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजने की तैयारी चल रही थी, इसी दौरान मौका पाकर वह लॉकअप से फरार हो गया। फरार आरोपी श्रावस्ती जिले के गिलौला का निवासी बताया जा रहा है।
आरोपी के लॉकअप से फरार होने की जानकारी मिलते ही थाना अध्यक्ष रामाज्ञा सिंह ने मामले की सूचना आला अधिकारियों को दी। पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस की ओर से फरार आरोपी को जल्द पकड़ने का दावा किया जा रहा है।
मामले में लापरवाही बरतने पर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। निलंबित होने वालों में आरक्षी तेज प्रकाश वर्मा और महिला आरक्षी प्रिंसी यादव शामिल हैं। दोनों पर लॉकअप की निगरानी में लापरवाही बरतने का आरोप है।
वहीं, पूरे मामले की जांच की जिम्मेदारी सीओ सिटी नारायण दत्त मिश्रा को सौंपी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी लॉकअप से किस तरह फरार हुआ और इसमें सुरक्षा व्यवस्था में कहां चूक हुई। फिलहाल फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार जुटी हुई हैं।





















