बहराइच: रुपईडीहा थाना क्षेत्र में भारत-नेपाल सीमा पर कसीनो से जुड़े दलालों के हंगामे का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ नेपाली कसीनो दलाल वाहन लेकर नो-मैन्स लैंड तक पहुंच गए थे। मौके पर मौजूद भारतीय पुलिसकर्मी ने उन्हें वहां से वाहन हटाने के लिए कहा।
पुलिसकर्मी से भिड़े कसीनो दलाल
पुलिसकर्मी के रोकने पर कसीनो दलाल कथित तौर पर उससे उलझ गए। आरोप है कि उन्होंने पुलिसकर्मी को खींचने और उसके साथ हाथापाई करने का प्रयास किया।
नेपाल सीमा की ओर खींचकर ले जाने का आरोप
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान दलाल भारतीय पुलिसकर्मी को खींचकर नेपाल सीमा की ओर ले गए। करीब एक घंटे बाद पुलिसकर्मी उनके चंगुल से बाहर निकल सका।
रुपईडीहा थाना क्षेत्र का मामला
यह पूरा मामला बहराइच के रुपईडीहा थाना क्षेत्र में भारत-नेपाल सीमा का बताया जा रहा है। घटना के बाद सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं। मामले में पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई का इंतजार है।
रिपोर्ट: रोहित श्रीवास्तव





















