बहराइच में आगामी नवरात्र, दुर्गा पूजा और दशहरा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव की मौजूदगी में थाना रुपईडीहा परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी, क्षेत्राधिकारी नानपारा चित्रांशु गौतम, एसएसबी कमांडेंट, संबंधित अधिकारी-कर्मचारी, ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य और क्षेत्र के संभ्रांत लोग शामिल हुए।
बैठक में अधिकारियों ने लोगों से त्योहारों के दौरान आपसी सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने की अपील की। धार्मिक आयोजनों और जुलूसों के लिए निर्धारित मार्ग और समय का पालन करने के साथ किसी भी नई परंपरा की शुरुआत न करने की हिदायत दी गई। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संबंधित विभागों को साफ-सफाई, पेयजल, बिजली आपूर्ति और अन्य जरूरी नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को नियमित गश्त व चेकिंग करने, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर निगरानी रखने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए। धार्मिक आयोजनों के आयोजकों के साथ समन्वय स्थापित कर शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी विवाद की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया। अधिकारियों ने लोगों से सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों से बचने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की।
पीस कमेटी की बैठक के बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने पैदल मार्च किया और भारत-नेपाल सीमा से सटे रुपईडीहा क्षेत्र के चेकपोस्ट का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशासन और पुलिस का कहना है कि आगामी त्योहारों के दौरान शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखने के लिए जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं।





















