बहराइच में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा जरवल थाना क्षेत्र में रेलवे फाटक संख्या 295 के पास हुआ। ट्रेन की चपेट में आने के बाद व्यक्ति का शव इंजन में फंस गया, जिसके चलते मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी सहायक स्टेशन मास्टर ने आरपीएफ बुढ़वल और जीआरपी को दी। सूचना मिलते ही आरपीएफ, जीआरपी के साथ जरवल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और रेलवे कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को ट्रेन के इंजन से बाहर निकाला।
हादसे के कारण पैसेंजर ट्रेन करीब आधे घंटे तक मौके पर रुकी रही। शव को बाहर निकालने और आवश्यक कार्रवाई के बाद ट्रेन को आगे रवाना किया गया। इस दौरान रेलवे ट्रैक के आसपास भी लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस के मुताबिक मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। शव को कब्जे में लेकर मर्चरी में रखवा दिया गया है और उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है।





















