बहराइच के विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के पंचम पुरवा में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि देर रात अज्ञात चोर घर का दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुए और नगदी के साथ सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
परिजनों के मुताबिक चोर घर में रखी अटैची और बक्से के साथ पैसों से भरी गुल्लक तक उठा ले गए। इसके बाद घर से करीब 200 मीटर दूर जाकर चोरों ने अटैची और बक्से को तोड़ा और उसमें रखे सामान पर हाथ साफ किया। चोरी करने के बाद चोर बक्सा और अटैची वहीं छोड़कर फरार हो गए।
वारदात के दौरान चोरों की एक कुल्हाड़ी भी मौके पर छूट गई। सुबह घटना की जानकारी होने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
चोरी की इस घटना से स्थानीय लोगों में नाराजगी है और पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों ने इलाके में रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरों का पता लगाकर कार्रवाई की मांग की है।





















