बहराइच। युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देने और उन्हें कला-संस्कृति से जोड़ने के उद्देश्य से महिला पीजी कॉलेज में जनपद स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया गया। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम की थीम ‘नशा मुक्ति युवा फॉर विकसित भारत’ रखी गई। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ परियोजना निदेशक डीआरडीए मनीष कुमार ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। उत्सव में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से आए छात्र-छात्राओं तथा युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए परियोजना निदेशक मनीष कुमार ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी कला निखारने और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का बेहतर अवसर देते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास से ही किसी भी कला में निपुणता हासिल की जा सकती है। युवा उत्सव के दौरान पेंटिंग, कविता लेखन, समूह लोकनृत्य, समूह लोकगीत और नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया और कार्यक्रम स्थल पर उत्साह का माहौल बना रहा।
प्रतियोगिताओं के परिणाम में नुक्कड़ नाटक में सरस्वती विद्या मंदिर ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि समूह लोकगायन में महिला पीजी कॉलेज विजेता रहा। पेंटिंग प्रतियोगिता में अंशिका ने प्रथम, आयुष सिंह ने द्वितीय और सोनिया सिद्धार्थ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कविता लेखन में मनस्वी ने प्रथम स्थान हासिल किया। कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों और शिक्षण संस्थानों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। युवाओं की रंगारंग प्रस्तुतियां कार्यक्रम का खास आकर्षण रहीं।
कार्यक्रम का संचालन अमित पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर युवा कल्याण विभाग के क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी विनम्र शुक्ला, विकास वर्मा, अजय गुप्ता, देवेश शुक्ला, अखिलेश चौधरी और आलोक सिंह सहित कॉलेज का शिक्षण स्टाफ, बड़ी संख्या में छात्राएं और दर्शक मौजूद रहे। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के साथ नशामुक्ति के संदेश को आगे बढ़ाना और उन्हें विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।





















