महिलाओं को किया गया जागरूक
महिला सुरक्षा, अधिकारों और सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी, हेल्पलाइन सेवाओं के उपयोग के लिए किया प्रेरित
अंबेडकरनगर। प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनपद के विभिन्न थानों में बहू-बेटी सम्मेलन एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में महिलाओं, किशोरियों और युवतियों को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
सरकारी निर्देशों के तहत जलालपुर कोतवाली, मालीपुर थाना, जैतपुर थाना सहित अन्य क्षेत्रों में सम्मेलन आयोजित किए गए। जलालपुर कोतवाली की ओर से नगर के वाजिदपुर बहेरवातर स्थित प्राथमिक विद्यालय में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी अनूप कुमार सिंह, कोतवाली प्रभारी अजय प्रताप यादव तथा महिला पुलिसकर्मियों ने महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न सुरक्षा संबंधी विषयों पर जागरूक किया।
इसी क्रम में मालीपुर थाना क्षेत्र के धमरूवा और खालिसपुर भटौली ग्राम सभाओं में थाना प्रभारी शशांक कुमार शुक्ला तथा महिला उपनिरीक्षक वर्षा यादव के नेतृत्व में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिलाओं, बहू-बेटियों, किशोरियों और छात्राओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, महिला सुरक्षा हेल्पलाइन, साइबर अपराध, पारिवारिक विवाद, मानसिक तनाव तथा आत्महत्या की रोकथाम जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं से किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या समस्या की स्थिति में बिना संकोच पुलिस एवं हेल्पलाइन सेवाओं की सहायता लेने की अपील की।
सम्मेलन में महिलाओं और किशोरियों को असामाजिक तत्वों से सतर्क रहने, अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा घर से बिना बताए कहीं जाने के संभावित दुष्परिणामों के बारे में भी जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और जागरूक बनाना है। इसके लिए प्रदेश सरकार लगातार विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित कर रही है। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं एवं युवतियों से समाज के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की गई।








