चालक को आई झपकी; दो घायल
नौहझील क्षेत्र में रेलिंग से टकराकर पलटी बोलेरो पिकअप, सड़क पर बिखरे टमाटर; पुलिस ने यातायात कराया बहाल
मथुरा। यमुना एक्सप्रेसवे पर थाना नौहझील क्षेत्र में रविवार सुबह टमाटर से लदी एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप अनियंत्रित होकर साइड रेलिंग से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में वाहन में सवार दो लोग घायल हो गए, जबकि दो अन्य सुरक्षित बच गए। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नौहझील भेजा।
पुलिस के अनुसार, नोएडा से आगरा की ओर जा रही महिंद्रा बोलेरो पिकअप (संख्या UP81 FT 8002) यमुना एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 67 पर पहुंची थी। इसी दौरान चालक को नींद की झपकी आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर साइड रेलिंग से टकरा गया और पलट गया।
हादसे की सूचना सुबह करीब 7:10 बजे पीआरवी को मिली। सूचना पर थाना नौहझील के प्रभारी निरीक्षक जगदंबा सिंह, बाजना कट चौकी प्रभारी हरेंद्र सिंह तोमर तथा पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
दुर्घटना में चालक श्याम सिंह पुत्र बच्चू सिंह निवासी भिदौनी, जनपद अलीगढ़ तथा राजकुमार सिंह निवासी मनोहरपुर, थाना महावन, जनपद मथुरा घायल हो गए। वहीं वाहन में सवार घनश्याम सिंह और सल्लू सुरक्षित रहे। दोनों घायलों को उपचार के लिए सीएचसी नौहझील भेजा गया। पुलिस के अनुसार सभी घायल खतरे से बाहर हैं।
हादसे के बाद पिकअप में लदे टमाटर सड़क पर बिखर गए, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात सुचारु करा दिया।








