बाराबंकी के रामसनेहीघाट में तहसील बार एसोसिएशन के चुनाव में शुक्रवार को अध्यक्ष और महामंत्री पद के लिए हुए सीधे मुकाबले में परशुराम मिश्र और सतीश कुमार सिंह ने जीत दर्ज की। एल्डर कमेटी की देखरेख में मतदान और मतगणना शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। परिणाम सामने आते ही तहसील परिसर में विजयी प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में खुशी का माहौल देखने को मिला।
अध्यक्ष पद पर परशुराम मिश्र और शिवकुमार यादव के बीच मुकाबला हुआ। परशुराम मिश्र को 45 मत मिले, जबकि शिवकुमार यादव के खाते में 11 मत आए। एक मत अवैध घोषित किया गया। इस तरह परशुराम मिश्र ने 34 मतों के अंतर से शानदार जीत दर्ज की। वहीं महामंत्री पद पर सतीश कुमार सिंह ने 41 मत हासिल कर रमेश बाबू त्रिवेदी को हराया, जिन्हें 15 मत मिले। सतीश कुमार सिंह ने 26 मतों के अंतर से जीत हासिल की।
चुनाव में वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर रमेश चंद्र तिवारी, उपाध्यक्ष पद पर दुर्गेश कुमार पांडे और रामशंकर यादव तथा कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर अमित कुमार सिंह और जितेंद्र कुमार शुक्ला निर्विरोध चुने गए। संयुक्त मंत्री पद पर सोहनलाल, प्रमोद कुमार सिंह और राजेश कुमार पांडे निर्वाचित हुए। प्रकाश नारायण श्रीवास्तव कोषाध्यक्ष चुने गए। कार्यकारिणी सदस्य के पद पर युगल किशोर वैश्य, इंद्र प्रताप सिंह, रविंद्र यादव, वसीम अहमद, संजय मिश्रा, मदन गोपाल और श्याम नारायण गुप्ता ने जीत दर्ज की।
नतीजे घोषित होने के बाद साथी अधिवक्ताओं ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष, महामंत्री समेत सभी पदाधिकारियों का फूल मालाओं से स्वागत किया और उन्हें बधाई दी। चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में एल्डर कमेटी के अध्यक्ष कैलाश चंद्र वर्मा के साथ रामनरेश शुक्ला, फजल अली और केसरी नारायण मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। नए पदाधिकारियों के सामने अधिवक्ताओं के हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने की जिम्मेदारी होगी।





















