बाराबंकी: सफदरगंज थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। बघौरा ओवरब्रिज से बरियारपुर संपर्क मार्ग पर चलती वैगनआर कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई और उसमें सवार बाराबंकी कचहरी के स्टाम्प वेंडर एवं दस्तावेज नवीस राजनारायण वर्मा (60) की जिंदा जलकर मौत हो गई।
मां से मिलने पैतृक गांव जा रहे थे राजनारायण
जानकारी के मुताबिक, विजय नगर, बाराबंकी निवासी राजनारायण वर्मा रविवार सुबह अपनी मां से मिलने के लिए पैतृक गांव बघौरा जा रहे थे। सुबह करीब 8:30 बजे बघौरा ओवरब्रिज से बरियारपुर संपर्क मार्ग पर उनकी पेट्रोल से चलने वाली वैगनआर कार में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी कार लपटों से घिर गई। बताया जा रहा है कि राजनारायण वर्मा को कार से बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका और वह वाहन के अंदर ही जिंदा जल गए।
फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू
हादसे की सूचना मिलते ही सफदरगंज थाना प्रभारी अमर चौरसिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद कार में लगी आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी और राजनारायण वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई।
बाराबंकी कचहरी में स्टाम्प वेंडर थे राजनारायण
राजनारायण वर्मा बाराबंकी कचहरी में लंबे समय से स्टाम्प वेंडर और बैनामा लेखन का कार्य करते थे। परिवार में उनकी माता बबिता वर्मा, एक पुत्र और एक पुत्री हैं। पुत्री का विवाह हो चुका है, जबकि उनका पुत्र आंध्र प्रदेश में रहकर बीटेक की पढ़ाई कर रहा है।
आग लगने के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक तौर पर कार में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।





















