सरोजनीनगर, लखनऊ: बिजनौर थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर किसान पथ पर तेज रफ्तार डंपर ने एक पिकअप वाहन में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को एंबुलेंस की मदद से लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
पीछे से डंपर ने मारी जोरदार टक्कर
पुलिस के मुताबिक, उन्नाव जिले के मगरवारा स्थित नेहरू बाग निवासी शैलेंद्र कुमार (25) रविवार दोपहर करीब 3:30 बजे पिकअप वाहन लेकर सुल्तानपुर से किसान पथ के रास्ते उन्नाव जा रहे थे। बताया गया कि वह रायबरेली रोड की ओर से कानपुर रोड की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान बिजनौर थाना क्षेत्र में सरोजनीनगर तहसील के पास किसान पथ पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी पिकअप में जोरदार टक्कर मार दी।
अंनियंत्रित पिकअप कंक्रीट रेलिंग में घुसी
टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी कंक्रीट की रेलिंग में जा घुसी। हादसे में पिकअप चालक शैलेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद डंपर चालक अपना वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को एंबुलेंस की मदद से लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल पुलिस हादसे की जांच कर रही है और फरार डंपर चालक की तलाश में जुटी है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।





















