औरैया। विकासखंड क्षेत्र की अछल्दा ग्राम पंचायत बैसोली के चिंता नगला रोड स्थित गौशाला का रविवार सुबह खंड विकास अधिकारी अतुल यादव ने औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने गौशाला में साफ-सफाई की व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने गौशाला के चारों तरफ बाउंड्रीवाल कराने के निर्देश दिए। साथ ही गौशाला की बिना उपयोग वाली भूमि पर हरे चारे की खेती कराने को निर्देशित किया। जिससे हर मौसम में गौवंशों को हरा चारा उपलब्ध होता रहे।
खंड विकास अधिकारी ने बताया कि बैसोली गौशाला में कुल 178 गौवंश पंजीकृत हैं। जिसमें मौके पर सभी गौवंश मौजूद मिले। उन्होंने साफ-सफाई, बाउंड्रीवाल निर्माण और हरे चारे की खेती समय से कराने के लिए संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं। बीडीओ ने कहा कि गौवंशों की देखभाल में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।








