कार्यक्रम रुकवाया गया
वाराणसी। वाराणसी के नागरी नाटक मंडली में रविवार को आयोजित होने जा रहे मेडेलियन ज्वेलर्स प्राइवेट लिमिटेड के एक कार्यक्रम को पुलिस ने कथित आर्थिक धोखाधड़ी की शिकायतों के आधार पर रुकवा दिया। शिकायत मिलने के बाद एसीपी साइबर क्राइम विदुष सक्सेना पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और कार्यक्रम में हस्तक्षेप करते हुए जांच शुरू कराई।
पुलिस के अनुसार कंपनी के खिलाफ निवेशकों से गोल्ड, कैशबैक और नेटवर्क मार्केटिंग योजनाओं के नाम पर करोड़ों रुपये की कथित धोखाधड़ी की शिकायत पुलिस आयुक्त वाराणसी को प्राप्त हुई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कंपनी ने लोगों को निर्धारित अवधि में निवेश की गई राशि दोगुनी करने, सोना देने और कैशबैक जैसे आकर्षक लाभ का लालच देकर निवेश कराया, लेकिन बाद में भुगतान और अन्य वादे पूरे नहीं किए।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि वर्ष 2020 में पंजीकृत कंपनी ने नेटवर्क मार्केटिंग के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों से निवेश कराया। आरोप है कि 10 से 20 महीने में रकम दोगुनी करने, सोना उपलब्ध कराने और विदेश यात्रा जैसे प्रलोभन देकर धन जुटाया गया। पीड़ितों का दावा है कि शुरुआत में कुछ निवेशकों को भुगतान कर भरोसा बनाया गया, लेकिन बाद में भुगतान बंद कर दिया गया। उनका आरोप है कि अब न तो निवेश की राशि वापस की जा रही है और न ही वादा किया गया सोना या अन्य लाभ दिए जा रहे हैं।
शिकायतकर्ता भगवान सिंह राठौर ने आरोप लगाया कि उन्होंने वर्ष 2023 में कंपनी की योजनाओं में निवेश किया और कई अन्य लोगों को भी इससे जोड़ा। उनके अनुसार उनकी टीम का लगभग 90 लाख रुपये और 300 ग्राम सोना कंपनी के पास बकाया है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि कंपनी ने जीएसटी बिल जारी नहीं किए तथा टीडीएस कटौती के बावजूद उसे जमा नहीं किया।
शिकायत के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कार्यक्रम को रुकवा दिया। एसीपी साइबर क्राइम विदुष सक्सेना ने मौके पर मौजूद लोगों और कंपनी से जुड़े व्यक्तियों से पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि कंपनी के दस्तावेजों, निवेश योजनाओं और वित्तीय लेन-देन की विस्तृत जांच की जा रही है तथा जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी निवेश योजना में धन लगाने से पहले उसकी वैधता और विश्वसनीयता की पूरी जांच अवश्य करें। यदि किसी योजना पर संदेह हो तो उसकी जानकारी तत्काल पुलिस को दें।








