शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की जिला बैठक आवास विकास कॉलोनी स्थित संगठन कार्यालय में जिलाध्यक्ष ऋषिकान्त पाण्डेय की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और शिक्षकों की समस्याओं को लेकर चर्चा की गई। इसी दौरान भावलखेड़ा और ददरौल ब्लॉक की निर्वाचन प्रक्रिया पूरी कराई गई। भावलखेड़ा ब्लॉक में बरनई विद्यालय के शिक्षक हरिकिशोर दीक्षित को अध्यक्ष और नागरपाल विद्यालय के शिक्षक पुनीत मिश्रा को ब्लॉक मंत्री चुना गया। दोनों पदाधिकारियों के निर्विरोध निर्वाचित होने पर उन्हें प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।
निर्वाचन प्रक्रिया पर्यवेक्षक अरविन्द शुक्ला और विक्रांत मिश्रा की देखरेख में सम्पन्न हुई। नामांकन के दौरान प्रत्येक पद पर एक-एक वैध आवेदन मिलने के बाद सभी संबंधित पदों पर निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा की गई। जिलाध्यक्ष ऋषिकान्त पाण्डेय ने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों के हितों की रक्षा करना, उनके मान-सम्मान को बनाए रखना और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करना है। उन्होंने पदाधिकारियों से अपील की कि वे बिना किसी स्वार्थ के शिक्षकों की आवाज उठाएं और जरूरत पड़ने पर उनके साथ मजबूती से खड़े रहें।
ददरौल ब्लॉक में एआरपी एवं चक ममरेज प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक नवनीत तिवारी को ब्लॉक अध्यक्ष, प्राथमिक विद्यालय सुनौरा अजमतपुर के शिक्षक धीरज रस्तोगी को ब्लॉक मंत्री और अंकित कुमार को ब्लॉक कोषाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया। वहीं, कांट ब्लॉक में प्राथमिक विद्यालय प्रहलादपुर के शिक्षक अमित कुमार यादव को ब्लॉक मंत्री चुना गया। इन चुनावों के माध्यम से संगठन ने विभिन्न ब्लॉकों में अपनी जिम्मेदारियां तय करते हुए शिक्षक हितों से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने की दिशा में कदम बढ़ाया।
बैठक में जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष रत्नाकर दीक्षित, जिला संयुक्त मंत्री सचिन मिश्रा, जिला कोषाध्यक्ष भुवनेश गुप्ता, जिला मंत्री संदीप सिंह, जिला उपाध्यक्ष विक्रांत मिश्रा, धीरज, जिला संगठन मंत्री शशांक शेखर बाजपेई, श्याम मोहन मिश्रा, जितेंद्र कुमार सिंह, राजेश पाण्डेय, दशरथ नंदन अवस्थी और वेद सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में संगठन की एकजुटता और शिक्षकों की समस्याओं के समाधान को लेकर पदाधिकारियों की भूमिका पर जोर दिया गया।





















