कहा- याचिका दायर करें; राहुल गांधी ने मांगा था समय
नई दिल्ली। भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने INDIA ब्लॉक के नेताओं से मुलाकात करने से इनकार कर दिया है। विपक्षी नेता विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपना चाहते थे। CJI ने स्पष्ट किया कि मामला पहले से सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है, इसलिए विपक्षी नेताओं को याचिका दायर कर अदालत का रुख करना चाहिए।
रिपोर्ट के मुताबिक, CJI ने ईमेल के जरिए विपक्षी नेताओं को मुलाकात नहीं करने का कारण भी बताया। इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा था कि विपक्ष की ओर से सोमवार को शाम चार से पांच बजे के बीच मुख्य न्यायाधीश से मिलने का समय मांगा गया था।
विपक्षी नेताओं की योजना मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और SIR से जुड़ी अपनी चिंताओं को CJI के सामने रखने की थी। इससे पहले 9 अक्टूबर को विपक्षी सांसदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर अपनी मांगें रखी थीं। इस प्रतिनिधिमंडल में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और ममता बनर्जी समेत 10 सांसद शामिल थे।
चार दिन तक विपक्ष ने किया प्रदर्शन
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR के विरोध में विपक्षी सांसदों ने 6 से 9 अक्टूबर तक दिल्ली में लगातार प्रदर्शन किए। इस दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया।
6 अक्टूबर: INDIA ब्लॉक के 200 से अधिक सांसदों ने संसद से चुनाव आयोग कार्यालय तक मार्च निकाला। पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक दिया। इसके बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी सहित विपक्षी नेताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।
7 अक्टूबर: राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने जंतर-मंतर की ओर बढ़ने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा बलों ने उन्हें रोक दिया। विपक्ष ने मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति को अवैध बताते हुए उनके इस्तीफे की मांग दोहराई। इस दौरान आकाशवाणी परिसर में प्रदर्शन को लेकर राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य सांसदों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने की भी खबर सामने आई।
8 अक्टूबर: विपक्षी सांसदों ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आरोप लगाया कि सरकार लोगों से मतदान का अधिकार छीनने की कोशिश कर रही है। विपक्ष ने SIR की प्रक्रिया पर सवाल उठाए।
9 अक्टूबर: विपक्षी सांसदों ने संसद से राष्ट्रपति भवन तक पैदल मार्च किया। राहुल गांधी, ममता बनर्जी और मल्लिकार्जुन खड़गे समेत 10 नेताओं ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। राहुल गांधी ने मुलाकात के बाद कहा कि विपक्ष ने वोट चोरी से संबंधित मुद्दे उठाए और राष्ट्रपति से इस मामले पर हस्तक्षेप करने की मांग की।
अब मुख्य न्यायाधीश की ओर से मुलाकात से इनकार किए जाने के बाद विपक्ष के सामने इस मामले में न्यायिक कार्रवाई के लिए याचिका दायर करने का विकल्प है।





















