तमंचा लहराने का वीडियो वायरल। दिलीप सिंह अलीगंज एटा
खेत की मेड़ जोतने को लेकर सुबह सात बजे हुआ विवाद, चार लोग घायल; फायरिंग के आरोप को पुलिस ने बताया गलत
अलीगंज। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गोराचम में रविवार सुबह खेत की मेड़ को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट, पथराव और लाठी-डंडे चले। घटना में दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक युवक हाथ में तमंचा लिए दिखाई दे रहा है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब सात बजे गांव में एक खेत की मेड़ जोतने को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई और फिर विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और पथराव के आरोप लगाए हैं।
चार लोग हुए घायल
घटना में प्रथम पक्ष से रामनाथ सिंह (65) पुत्र मौजीराम और रामसनेही (70) पुत्र मौजीराम निवासी गोराचम घायल हुए हैं। वहीं दूसरे पक्ष से सुमित (21) पुत्र रामपाल और विक्रम (22) पुत्र रामपाल सिंह निवासी गोराचम घायल हुए हैं। सभी घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज में कराया गया।
घर के बाहर रास्ते में घेरकर मारपीट का आरोप
घायल रामसनेही ने बताया कि वह अपने खेत से जानवरों के लिए घास लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनके घर के बाहर रास्ते में रामपाल पुत्र अतर सिंह, छोटे लाल पुत्र अतर सिंह, नन्हे सिंह पुत्र अतर सिंह, बाबा पुत्र रामपाल, विक्रम पुत्र रामपाल, बल्लू पुत्र रामपाल, सुनहरी पुत्र अतर सिंह और जुगेंद्र पुत्र अतर सिंह ने उनके साथ मारपीट कर दी।
मेड़ काटने से मना करने पर हमला और फायरिंग का आरोप
घायल रामनाथ सिंह ने बताया कि दूसरे पक्ष के खेत में ट्रैक्टर चल रहा था। उन्होंने कहा कि उनकी खेत की मेड़ न काटी जाए, क्योंकि भूमि को लेकर न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन है। आरोप है कि इसी बात पर रामपाल, विक्रम, बाबा और नन्हू ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी और दोनों ओर से जमकर पथराव हुआ। रामनाथ ने दो राउंड फायरिंग होने का भी आरोप लगाया है।
दूसरे पक्ष ने घर पर हमला और दीवार तोड़ने का लगाया आरोप
दूसरे पक्ष के घायल विक्रम ने बताया कि वह अपने खेत में ट्रैक्टर चलवा रहे थे। तभी मेड़ को लेकर विवाद हो गया। उन्होंने कहा कि उक्त भूमि को लेकर पहले से मुकदमा चल रहा है। आरोप लगाया कि पहला पक्ष उनके घर पर चढ़कर आ गया और घर की दीवार भी तोड़ दी। उन्होंने डायल-112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज भिजवाया।
फायरिंग के आरोप को पुलिस ने बताया गलत
मामले पर कोतवाली अलीगंज के प्रभारी निरीक्षक रूपेश कुमार वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया फायरिंग की बात गलत प्रतीत हो रही है। मौके पर पत्थर पड़े मिले हैं और मेड़ को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है। फिलहाल गांव में पुलिस बल तैनात है और पूरे मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।







