दिलीप सिंह अलीगंज एटा
उपनिबंधक विवेक सिंह ने किया पौधारोपण, कहा- वृक्ष हैं जीवन का आधार, हर व्यक्ति लगाए एक पौधा
अलीगंज। विकासखंड अलीगंज के बी-पैक्स बुलाकी नगर में रविवार को एक पेड़ मां के नाम वृक्षारोपण महाअभियान के तहत हरियाली का संदेश देते हुए पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम में उपयुक्त/उपनिबंधक सहकारिता अलीगढ़ मंडल श्रीमती विवेक सिंह ने पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का आह्वान किया। इस दौरान बी-पैक्स परिसर में सहकारिता वाटिका विकसित करने का संकल्प भी लिया गया, जो आने वाले समय में पर्यावरण संरक्षण की मिसाल बनेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमती विवेक सिंह ने कहा कि मां हमें जन्म देती है और वृक्ष जीवन देते हैं। इसलिए जिस तरह हम अपनी मां का सम्मान और प्रेम करते हैं, उसी प्रकार वृक्षों की रक्षा और देखभाल करना भी प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि बढ़ता प्रदूषण, घटते जंगल और बदलता पर्यावरण पूरी मानवता के लिए चिंता का विषय हैं। ऐसे समय में एक-एक पौधा भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी साबित होगा। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया पौधा कुछ वर्षों बाद हजारों लोगों को शुद्ध हवा, छाया और फल प्रदान करेगा। यदि हर व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी ले, तो धरती फिर से हरी-भरी हो सकती है। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि वृक्षारोपण केवल सरकारी अभियान न बनकर जन-जन का संकल्प बने। इस अवसर पर सहकारिता विभाग की ओर से बी-पैक्स परिसर में सहकारिता वाटिका विकसित करने का निर्णय लिया गया। अधिकारियों ने कहा कि वाटिका में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे, जो पर्यावरण संरक्षण के साथ जैव विविधता को भी बढ़ावा देंगे। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी पौधारोपण कर हरियाली बढ़ाने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता एटा सतीश कुमार, मुख्य कार्यालय अधिकारी जिला सहकारी बैंक लिमिटेड एटा राजीव कुमार वर्मा, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अशोक रतन शाक्य, करण सिंह यादव, अनेक पाल सिंह, यशवीर सिंह, सत्येंद्र सिंह, डॉ. मोहित यादव, रोहित यादव, प्रदीप राजपूत, अध्यक्ष दिलीप राजपूत, पूर्व प्रधान रणवीर सिंह, गजराज सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।







