BRICS Summit 2026: नई दिल्ली में आयोजित 18वें BRICS शिखर सम्मेलन का आज दूसरा दिन है। सम्मेलन के दूसरे दिन भारत मंडपम में BRICS के सदस्य देशों के साथ साझेदार और आमंत्रित देशों के शीर्ष नेता भी एक मंच पर नजर आएंगे। बैठक में वैश्विक अर्थव्यवस्था, विकास, तकनीक, सहयोग और दुनिया के सामने मौजूद प्रमुख चुनौतियों पर चर्चा होगी। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह करीब 9:55 बजे नेताओं और मंत्रियों के भारत मंडपम पहुंचने से होगी। इसके बाद 10:35 बजे सभी प्रमुख नेताओं का सामूहिक फोटो सेशन होगा। करीब 10:50 बजे शिखर सम्मेलन का मुख्य सत्र शुरू किया जाएगा।
वैश्विक विकास पर केंद्रित रहेगा मुख्य सत्र
दूसरे दिन के ओपन सेशन का फोकस समावेशी वैश्विक विकास पर रहेगा। सत्र की थीम ‘लचीलेपन, नवाचार, सहयोग और सतत विकास के जरिए समावेशी वैश्विक विकास का भविष्य’ है। इसमें दुनिया की बदलती आर्थिक परिस्थितियों, विकास के नए अवसरों, तकनीकी प्रगति और टिकाऊ विकास को लेकर सदस्य देशों के नेता अपनी बात रखेंगे।
PM मोदी की सात अहम मुलाकातें
सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कई देशों के शीर्ष नेताओं के साथ अलग-अलग बैठकें भी प्रस्तावित हैं। तय कार्यक्रम के मुताबिक प्रधानमंत्री दोपहर 2:30 बजे कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायेव से मुलाकात करेंगे। इसके बाद 3 बजे फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर, 3:30 बजे मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी और 4:10 बजे दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा के साथ बातचीत होगी। प्रधानमंत्री की बैठकों का सिलसिला यहीं नहीं रुकेगा। शाम 4:40 बजे बुरुंडी के राष्ट्रपति एवरिस्ट नदायिशिमिये, 5:10 बजे नाइजीरिया के उपराष्ट्रपति सीनेटर काशिम शेट्टिमा और 5:40 बजे युगांडा की उपराष्ट्रपति जेसिका अलुपो के साथ भी उनकी बैठक प्रस्तावित है। इन द्विपक्षीय मुलाकातों में आपसी व्यापार, निवेश, रणनीतिक रिश्तों, क्षेत्रीय परिस्थितियों और अंतरराष्ट्रीय स्तर के अहम मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।
पहले दिन भी सक्रिय रही PM मोदी की कूटनीति
BRICS सम्मेलन के पहले दिन भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम काफी व्यस्त रहा। उन्होंने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ भारत-चीन संबंधों और सीमा से जुड़े विषयों पर बातचीत की। वहीं रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ भारत-रूस संबंधों, व्यापार और रणनीतिक सहयोग पर चर्चा हुई। पहले दिन आयोजित गाला डिनर में भारतीय कला, संस्कृति और विरासत की झलक भी देखने को मिली। मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने किशोर कुमार का गीत गाकर समारोह के माहौल को खास बना दिया।
नई दिल्ली घोषणा-पत्र पर बनी सहमति
शिखर सम्मेलन के पहले दिन नई दिल्ली घोषणा-पत्र पर सहमति को महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना गया। घोषणा-पत्र में आतंकवाद, वैश्विक संघर्ष, व्यापार और बहुपक्षीय व्यवस्था समेत कई अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर BRICS देशों की साझा सोच सामने आई। भारत की मेजबानी में हो रहे इस सम्मेलन के दूसरे दिन भी प्रधानमंत्री मोदी की द्विपक्षीय बैठकों पर खास नजर रहेगी। वहीं, भारत मंडपम में होने वाली सामूहिक चर्चाओं के जरिए वैश्विक विकास और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को लेकर आगे की रणनीति पर विचार किया जाएगा।





















