10 दिन में समस्याओं के समाधान का प्रशासन ने दिया आश्वासन
विनोद कुमार सिंह अंशु
बाराबंकी। भारतीय किसान यूनियन धर्मेंद्र गुट द्वारा पूर्व घोषित आत्मदाह कार्यक्रम प्रशासन के आश्वासन के बाद फिलहाल स्थगित कर दिया गया। संगठन के पदाधिकारी और किसान जिलाधिकारी कार्यालय पर आत्मदाह करने के उद्देश्य से गन्ना संस्थान में एकत्र हो रहे थे। इसी दौरान तहसीलदार नवाबगंज और नायब तहसीलदार नवाबगंज भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और किसानों से वार्ता की।
वार्ता के दौरान प्रशासन ने राजस्व संबंधी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए नवाबगंज के नायब तहसीलदार को तत्काल रामसनेहीघाट भेजने का निर्णय लिया। वहीं अन्य विभागों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए जिलाधिकारी के समक्ष मामला रखकर संबंधित विभागों की संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया गया।
एसडीएम रामसनेहीघाट ने किसानों को भरोसा दिलाया कि ज्ञापन में शामिल सभी समस्याओं का 10 दिनों के भीतर निराकरण कराया जाएगा। प्रशासन के इस आश्वासन के बाद भारतीय किसान यूनियन (धर्मेंद्र गुट) ने आत्मदाह का कार्यक्रम स्थगित कर दिया।
संगठन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि तय समय सीमा के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को दोबारा शुरू करते हुए और अधिक व्यापक रूप दिया जाएगा। इस अवसर पर डीएस त्यागी, मायाराम यादव, दिनेश यादव, मंसाराम, राजकुमारी, नीलम सिंह, नीरज तिवारी, शिवम गोस्वामी, रामचंद्र तिवारी, नान्हूराम, देशराज, हरिलाल, संगमा सुंदरी, आशा देवी सहित किसान मौजूद रहे।







