पूर्व बैंक प्रबंधक परिवार सहित बाहर गया था, लौटने पर हुई घटना की जानकारी
औरैया। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के कस्बा बाबरपुर-अजीतमल स्थित मोहल्ला विद्यानगर में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए नकदी समेत लाखों रुपये के आभूषण चोरी कर लिए। घटना का पता रविवार रात परिवार के घर लौटने पर चला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
मोहल्ला विद्यानगर निवासी अरविंद सक्सेना, जो पूर्वांचल बैंक से सेवानिवृत्त बैंक प्रबंधक हैं, अपनी पत्नी प्रीति सक्सेना और माता सरला सक्सेना के साथ रहते हैं। अरविंद सक्सेना ने बताया कि वह 28 जून को पत्नी के साथ अपने पुत्र प्रतीक सक्सेना के पास लखनऊ गए थे, जबकि उनकी माता अपनी पुत्री के घर कानपुर गई हुई थीं। इस दौरान मकान कई दिनों तक बंद रहा।
रविवार रात करीब 10:30 बजे घर लौटने पर दंपति ने पूजा कक्ष में रखी अलमारी का सामान बिखरा देखा। जांच करने पर पता चला कि अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी और आभूषण चोरी कर लिए गए हैं। इसके बाद उन्होंने अपनी माता सरला सक्सेना से संपर्क किया। उनके अनुसार, अलमारी में लगभग 25 हजार रुपये नकद, सोने का एक जोड़ा टॉप्स, करीब डेढ़ किलोग्राम चांदी की कंधौनी तथा छह चांदी के लच्छे रखे थे, जिन्हें चोर अपने साथ ले गए। चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि चोरों ने पूरे मकान की बजाय केवल एक कमरे को निशाना बनाया, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उन्हें घर की स्थिति की पहले से जानकारी थी।
प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी सुनिश्चित की जाएगी।








