शहाबगंज पुलिस को बड़ी सफलता
गौवध व गौतस्करी के मुकदमे में था वांछित, पुलिस पूछताछ में नेटवर्क से जुड़े होने का दावा; न्यायालय में किया गया पेश
चंदौली। गौवध एवं गौतस्करी के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को शहाबगंज पुलिस ने नोएडा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थानाध्यक्ष कृपेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने गौतमबुद्धनगर के कासना थाना क्षेत्र से आरोपी को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सरवन कुमार उर्फ श्रवण (29) पुत्र सेवालाल, निवासी बसिला, थाना शहाबगंज, जनपद चंदौली के रूप में हुई है। वह थाना शहाबगंज में दर्ज गौवध एवं गौतस्करी के एक मामले में वांछित था, जिस पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
पूछताछ में क्या बताया
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने रिश्तेदार एवं मित्र रहे गोलू यादव के साथ कथित गौतस्करी नेटवर्क में शामिल था। उसका काम गोवंश से लदे वाहनों के आगे चलकर पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखना और सुरक्षित रास्तों की जानकारी देना था। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि इस कार्य के बदले उसे नकद और बैंक खाते के माध्यम से हिस्सा मिलता था तथा कभी-कभी वह आर्थिक सहयोग भी करता था।
आरोपी ने पूछताछ में यह भी बताया कि गोलू यादव की मृत्यु के बाद उसने यह काम छोड़ दिया और नोएडा में रहकर मजदूरी करने लगा।
छह मुकदमे दर्ज होने का दावा
पुलिस के अनुसार सरवन कुमार के विरुद्ध चंदौली और बलुआ थानों में मारपीट, गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कुल छह मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी अभियान में थानाध्यक्ष कृपेन्द्र प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक राजेन्द्र नाथ सिंह, उपनिरीक्षक अमित मिश्रा, हेड कांस्टेबल इरशाद अंसारी तथा कांस्टेबल आफताब अहमद, नियाज अहमद, विपुल वर्मा और बृजेश कुमार शामिल रहे।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर दिया।







