पांच लाख की नकदी समेत लाखों के जेवरात ले उड़े बदमाश
अजीतमल क्षेत्र के मौजमपुर गांव में वारदात, परिवारों के बाहर होने का उठाया फायदा; पुलिस जांच में जुटी
औरैया। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र की अटसू चौकी अंतर्गत मौजमपुर गांव में रविवार देर रात चोरों ने दो सूने मकानों को निशाना बनाते हुए करीब पांच लाख रुपये की नकदी और लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। सोमवार सुबह घटना की जानकारी होने पर गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची यूपी-112 और स्थानीय पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, मौजमपुर निवासी प्रमोद सिंह शनिवार को अपने घर में ताला लगाकर पत्नी मुन्नी को इटावा स्थित बेटी के घर छोड़ने के बाद चित्रकूट चले गए थे। वहीं उनके भाई किशन कुमार सिंह रविवार सुबह पत्नी सीमा और बच्चों के साथ अपने ससुर की बरसी में शामिल होने के लिए दिल्ली गए थे।
रविवार देर रात दोनों मकान बंद मिलने पर अज्ञात चोरों ने मुख्य दरवाजों के ताले तोड़कर घरों में प्रवेश किया। इसके बाद अलमारियों और कमरों की तलाशी लेकर सोने-चांदी के जेवरात, करीब पांच लाख रुपये की नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए।
सोमवार सुबह ग्रामीणों ने मकानों के टूटे ताले और बिखरा सामान देखा तो परिजनों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह ने बताया कि दो बंद मकानों में चोरी की सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि पीड़ितों से तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।







