चंदौली। अलीनगर थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक टाटा मैजिक से क्रूरतापूर्वक बांधकर ले जाए जा रहे चार गोवंश बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार वाहन चालक ने रोकने के बजाय पुलिस टीम पर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया और पीछा किए जाने पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। मामले में गोवध निवारण अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक शनिवार को रिंग रोड अंडरपास कैली के पास वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक टाटा मैजिक (UP67AT9001) में गोवंश ले जाए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और पुलिस टीम को टक्कर मारने की कोशिश करते हुए मौके से भाग निकला।
पुलिस ने वाहन का पीछा किया। कुछ दूरी पर टाटा मैजिक लावारिस अवस्था में मिली। तलाशी लेने पर उसमें चार गोवंश क्रूरतापूर्वक बंधे हुए मिले, जिन्हें पुलिस ने सुरक्षित बरामद कर लिया। चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।
इस संबंध में थाना अलीनगर में मुकदमा अपराध संख्या 453/2026 के तहत गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3, 5ए, 5बी, 8, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह, उपनिरीक्षक सभाजीत यादव, कांस्टेबल विजय कोरी और आरक्षी अमन कुमार शामिल रहे।y #BreakingNews







