चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के रइया गांव में शनिवार देर रात सर्पदंश की दर्दनाक घटना में 15 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। किशोरी अपनी दो बहनों के साथ घर में फर्श पर सो रही थी, तभी जहरीले सांप ने उसे डस लिया। परिजन उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला अस्पताल और बाद में बीएचयू वाराणसी लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार रइया गांव निवासी मजदूर अनिल की 15 वर्षीय पुत्री पिंकी शनिवार रात अपनी बड़ी बहनों गंगा और जमुना के साथ घर में फर्श पर सो रही थी। देर रात अचानक उसे किसी जहरीले सांप ने डस लिया। दर्द महसूस होने पर पिंकी ने बहनों को जगाकर बताया कि उसे किसी चीज ने काट लिया है। इसी दौरान बहनों ने पास में एक सांप को रेंगते हुए देखा और शोर मचा दिया।
बच्चियों की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और पिंकी को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चहनियां ले गए। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में भी स्थिति नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे बीएचयू वाराणसी भेज दिया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में पिंकी ने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है और गांव में भी मातम पसरा हुआ है।







