वाराणसी में 22, 24 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित एयर शो को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की तैयारियां तेज हो गई हैं। रविवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण ने पुलिस अधीक्षक चंदौली आकाश पटेल की मौजूदगी में पीडीडीयू जंक्शन, बहादुरपुर स्थित पार्किंग स्थल और घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा इंतजामों, यातायात प्रबंधन और आम लोगों की सुविधाओं के लिए की गई तैयारियों की समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों को भीड़ नियंत्रण और वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पार्किंग स्थलों का संचालन बेहतर तरीके से किया जाए, ताकि एयर शो के दौरान लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ आमजन की सुविधा पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।
निरीक्षण के बाद रेलवे और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की समीक्षा की गई। डीआईजी ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखने, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने और संवेदनशील स्थानों पर सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए। निर्धारित पार्किंग स्थलों पर व्यवस्था सुचारु रखने पर भी जोर दिया गया।
डीआईजी वैभव कृष्ण ने कहा कि एयर शो के दौरान आम लोगों की सुरक्षा और यातायात को सुचारु बनाए रखना प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करना होगा। प्रशासन और पुलिस की तैयारियों का उद्देश्य आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के साथ लोगों को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराना है।




















