लखनऊ के सरोजनीनगर क्षेत्र में बिजनौर थाना अंतर्गत सैनिक एन्क्लेव कॉलोनी में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में मौत हो गई। मृतका की पहचान 40 वर्षीय कुसुम गौतम के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला की मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस के मुताबिक, कुसुम गौतम ने करीब 18 दिन पहले प्रसव के दौरान एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया था। वह शुगर और ब्लड प्रेशर की समस्या से पीड़ित थीं और काफी समय से उनका इलाज चल रहा था। शनिवार रात करीब 10 बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। घबराहट होने पर पति संदीप पाटिल ने शुगर या ब्लड प्रेशर की समस्या की आशंका में उन्हें उनकी चल रही दवा खिला दी।
दवा खाने के बाद कुसुम की हालत और बिगड़ गई और उनके मुंह से सफेद झाग निकलने लगा। इससे घबराए पति ने पास में रहने वाले ससुराल पक्ष के लोगों को सूचना दी। इसके बाद रात करीब तीन बजे उन्हें आनन-फानन में लोकबंधु अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, मामले में अभी किसी की ओर से कोई आरोप नहीं लगाया गया है। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आ सकेगा।





















