चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने चेकिंग के दौरान 540 ग्राम अवैध अफीम के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, बरामद अफीम की अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया है। यह कार्रवाई 15 अक्टूबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस के अनुसार, रेवसा रिंग रोड सर्विस लेन के पास घेराबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उस पर सवार दोनों व्यक्तियों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान काले रंग के बैग में रखी काली पन्नी से 540 ग्राम अफीम बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र की लगरा कॉलोनी निवासी सुरेंद्र पाल (29) और बरेली जिले के बारादरी थाना क्षेत्र के जोगी नवादा निवासी लालता प्रसाद (48) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे झारखंड के चतरा और आसपास के इलाकों से अज्ञात लोगों से अफीम खरीदकर बरेली और उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर में ऊंचे दामों पर बेचने के लिए ले जा रहे थे।
इस मामले में अलीनगर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 636/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18/29/60 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह, निरीक्षक शरद गुप्ता, उपनिरीक्षक अनिल कुमार यादव समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।





















