पीडीडीयू नगर। दुर्गापूजा और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए चंदौली जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने मुगलसराय के मानस नगर सहित विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात, साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने पूजा पंडालों में सुरक्षा इंतजामों की पड़ताल की। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को पर्व के दौरान पूरी सतर्कता बरतने और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मुस्तैद रहने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी को लगातार पूजा स्थलों का निरीक्षण करने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं में किसी तरह की कमी न रहे।
यातायात और साफ-सफाई पर विशेष जोर
जिलाधिकारी ने पूजा पंडालों के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि सड़कों पर आवागमन बाधित न हो और श्रद्धालुओं को पंडालों तक पहुंचने में परेशानी न उठानी पड़े। इसके साथ ही पूजा स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई कराने तथा पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। पुलिस प्रशासन को भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए।
डीएम चन्द्र मोहन गर्ग ने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि जनपदवासी दुर्गापूजा और दशहरा का पर्व हर्षोल्लास और सौहार्द के साथ मना सकें। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से काम करें और किसी भी समस्या का समय रहते समाधान करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान सुरक्षा और जनसुविधाओं को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।





















