चंदौली के पीडीडीयू नगर तहसील सभागार में शनिवार को जिलास्तरीय सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं लेकर पहुंचे फरियादियों की शिकायतें सुनी गईं। इस दौरान कुल 72 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से पांच का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसलिए अधिकारी केवल औपचारिकता पूरी करने के बजाय शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करें और पीड़ितों को वास्तविक राहत पहुंचाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने गरीब और पीड़ित लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं को समय से न्याय और राहत मिलनी चाहिए। इसके साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जाए। कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी या विभागीय लापरवाही के कारण योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांचने के निर्देश
जिलाधिकारी ने विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से कराए जा रहे निर्माण कार्यों की नियमित गुणवत्ता जांच करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप होने चाहिए और संबंधित विभाग समय-समय पर उनकी निगरानी करें। समाधान दिवस में उप जिलाधिकारी पीडीडीयू नगर, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, थानाध्यक्ष, खंड विकास अधिकारी और विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।





















