चंदौली में शारदीय नवरात्र के अवसर पर सोमवार को मिशन शक्ति फेज-6.0 की शुरुआत हुई। महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का संदेश देने के लिए पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के नेतृत्व में जागरूकता पैदल मार्च निकाली गई। एसपी ने पुलिस लाइन से हरी झंडी दिखाकर मार्च को रवाना किया। इसमें महिला पुलिसकर्मियों, छात्राओं, महिला पीआरडी जवानों, होमगार्ड, नर्सिंग स्कूल की छात्राओं, आशा बहुओं, महिला सफाईकर्मियों और शिक्षकों समेत विभिन्न वर्गों की महिलाओं ने भाग लिया।
पैदल मार्च पुलिस लाइन से शुरू होकर चंदौली कस्बे के रास्ते ग्राम बिछिया पहुंची और फिर वापस पुलिस लाइन में आकर समाप्त हुई। इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को उनके कानूनी व संवैधानिक अधिकारों की जानकारी दी गई। अभियान के जरिए उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी तरह के उत्पीड़न के खिलाफ बिना डर आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
हेल्पलाइन नंबरों के प्रति किया जागरूक
मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विद्यालयों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। महिलाओं और बालिकाओं को महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, बाल सहायता हेल्पलाइन 1098 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी जा रही है। पुलिस उन्हें छेड़छाड़, उत्पीड़न या किसी अन्य आपराधिक घटना की स्थिति में बिना घबराए मदद लेने के लिए जागरूक कर रही है।
एसपी आकाश पटेल ने सभी थाना प्रभारियों और मिशन शक्ति टीमों को महिलाओं एवं बालिकाओं की शिकायतें संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर सुनने तथा त्वरित कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने सार्वजनिक स्थलों, शिक्षण संस्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया। साथ ही आमजन से महिलाओं और बच्चों से जुड़ी किसी घटना या संदिग्ध गतिविधि की सूचना डायल 112 अथवा नजदीकी थाने को देने की अपील की। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सदर विक्रम दहिया, क्षेत्राधिकारी सदर नामेंद्र कुमार, क्षेत्राधिकारी लाइन डॉ. चारु द्विवेदी, प्रतिसार निरीक्षक वेदमणि मिश्रा समेत पुलिसकर्मी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।





















