चंदौली में आगामी 1 नवंबर 2026 को वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारियों और आम लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से सोमवार को विकासखंड सदर चंदौली में प्री-मेगा कैंप आयोजित किया गया। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पूर्णकालिक सचिव निकिता गौड़ ने की। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने पहुंचकर अपनी योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी शशिकांत पांडेय, सहायक विकास अधिकारी ग्राम्य विकास धनंजय कुमार सिंह, प्रभारी चिकित्साधिकारी सदर चंदौली हीरालाल, सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण सुरेंद्र कुमार बिंद और बाल विकास परियोजना अधिकारी प्रहलाद सिंह मौजूद रहे। अधिकारियों ने ग्रामीण विकास, समाज कल्याण, स्वास्थ्य और बाल विकास विभाग की योजनाओं के बारे में बताया। साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूक किया।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से संचारी रोगों, डेंगू और मलेरिया से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। प्रभारी चिकित्साधिकारी हीरालाल ने आयुष्मान कार्ड सहित स्वास्थ्य विभाग की अन्य लाभकारी योजनाओं के बारे में बताया। कार्यक्रम का उद्देश्य सरकारी योजनाओं की जानकारी जरूरतमंदों तक पहुंचाना और पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाने के लिए जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के अंत में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पूर्णकालिक सचिव निकिता गौड़ ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना और पात्र लाभार्थियों को उनसे जोड़ना ऐसे आयोजनों का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने लोगों से जागरूक होकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। इस दौरान दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल और बैसाखी वितरित कर सम्मानित किया गया। अब 1 नवंबर को होने वाले मुख्य शिविर के जरिए जरूरतमंदों तक विधिक सहायता और विभिन्न सरकारी सेवाएं पहुंचाने की तैयारी की जा रही है।





















