डिप्टी एसएस से मारपीट के आरोपित आरपीएफ जवानों की बर्खास्तगी की मांग
पीडीडीयू नगर (चंदौली)। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर डिप्टी स्टेशन सुपरिंटेंडेंट (डिप्टी एसएस) के साथ हुई कथित मारपीट की घटना के विरोध में बुधवार को ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन (ECRKU) के बैनर तले रेलकर्मियों ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय (पीडीडीयू) जंक्शन सहित डेहरी ऑन सोन स्टेशन पर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए आरोपित आरपीएफ जवानों को तत्काल बर्खास्त करने और कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
यूनियन के केंद्रीय उपाध्यक्ष केदार प्रसाद की अध्यक्षता में हुए प्रदर्शन में वक्ताओं ने घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि रेलवे की रीढ़ माने जाने वाले ऑपरेटिंग स्टाफ पर हमला केवल एक कर्मचारी पर हमला नहीं, बल्कि रेल परिचालन और यात्रियों की सुरक्षा पर भी सीधा प्रहार है।
केंद्रीय सहायक महामंत्री बीबी पासवान ने कहा कि आगरा कैंट की घटना रेलवे के इतिहास का एक काला अध्याय है। उनके अनुसार, डिप्टी एसएस नरेंद्र सिंह चहर यात्रियों की सुरक्षा और अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे थे, लेकिन इसी दौरान उनके साथ कथित रूप से आरपीएफ कर्मियों ने मारपीट की।
यूनियन की प्रमुख मांगें
प्रदर्शन के दौरान रेलकर्मियों ने मांग की कि:
- आरोपित आरपीएफ जवानों को तत्काल बर्खास्त किया जाए।
- दोषियों के खिलाफ कड़ी विभागीय और आपराधिक कार्रवाई की जाए।
- पीड़ित डिप्टी एसएस नरेंद्र सिंह चहर को समुचित सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।
- ऑपरेटिंग स्टाफ और आरपीएफ के बीच बेहतर समन्वय के लिए संयुक्त बैठक आयोजित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन में केंद्रीय संगठन मंत्री श्रीराम सिंह, एसपी सिंह, संजय कुमार शर्मा, यूसी मौर्य, आईबी मिश्रा, रमेश यादव, कृष्णकांत पाल, राम मिलन, विपुल कुमार सिंह, आशुतोष चंद्रा, संतोष गोंड, मुन्ना सिंह सहित बड़ी संख्या में रेलकर्मी मौजूद रहे।






















