चंदौली के शहाबगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने चेकिंग के दौरान पिकअप वाहन से दो गोवंश बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर पिकअप वाहन जब्त कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बुढ़मांव गांव निवासी जयप्रकाश उर्फ बबलू (42) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी गोवंश को बिहार ले जाकर बेचने के लिए ले जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर को थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम सेमरा चौराहे से करीब 150 मीटर उत्तर ईदगाह अमरसीपुर जाने वाले मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पिकअप संख्या यूपी 67 एटी 3897 को रोककर जांच की गई। वाहन में दो गोवंश लदे मिले। पुलिस ने मौके से वाहन सवार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
कम कीमत पर खरीदकर बिहार में बेचने का आरोप
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह गाय और बछड़ों को कम कीमत पर खरीदकर अपने पास रखता था। इसके बाद उन्हें पिकअप में लादकर सेमरा और इलिया के रास्ते बिहार ले जाता था, जहां अधिक कीमत पर बेचकर मुनाफा कमाता था। पुलिस ने बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर शहाबगंज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 127/2026 दर्ज किया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5ए/5बी/8 के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के लिए भेजा गया। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रभुनाथ यादव और होमगार्ड कमलेश कुमार शामिल रहे।





















