कोतवाली देहात क्षेत्र में दर्दनाक हादसा, पुलिस ने बस कब्जे में लेकर शुरू की कानूनी कार्रवाई
सुलतानपुर। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक स्कूल बस की टक्कर से एक मासूम की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 1:45 बजे एक स्कूल बस ने अर्जुन निषाद और दिवस निषाद को टक्कर मार दी। हादसे में दिवस निषाद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अर्जुन निषाद गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने हादसे में शामिल स्कूल बस को कब्जे में ले लिया है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
क्षेत्राधिकारी कादीपुर विनय गौतम ने बताया कि स्कूल बस की टक्कर से एक बच्चे की मौत हुई है, जबकि दूसरा घायल है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।







